diwali horizontal

जोन-7 का नगर आयुक्त ने किया औचक निरीक्षण, सफाई में लापरवाही पर 5 लाख का जुर्माना, संस्था को नोटिस

0 220

जोन-7 का नगर आयुक्त ने किया औचक निरीक्षण, सफाई में लापरवाही पर 5 लाख का जुर्माना, संस्था को नोटिस

लखनऊ: नगर आयुक्त गौरव कुमार ने मंगलवार को जोन-7 के अंतर्गत आने वाले विभिन्न क्षेत्रों का औचक निरीक्षण कर सफाई व्यवस्था, डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन तथा फील्ड स्टाफ की उपस्थिति की वास्तविक स्थिति का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान कई स्थानों पर साफ-सफाई की स्थिति संतोषजनक नहीं पाई गई, जिस पर नगर आयुक्त ने नाराजगी जताई और संबंधित अधिकारियों को त्वरित सुधार के निर्देश दिए।
निरीक्षण की शुरुआत लवकुश नगर क्षेत्र से हुई, जहां पड़ाव घर के पास कूड़ा जमा पाया गया। नगर आयुक्त ने तत्काल साफ-सफाई कराने और निगरानी बढ़ाने को कहा। आम्रपाली चौराहा और वक्फ मार्केट जैसे व्यस्त मार्गों पर भी सफाई में लापरवाही दिखी, जिस पर सफाई की आवृत्ति बढ़ाने और निगरानी तंत्र को सुदृढ़ करने के निर्देश दिए गए।स्माइलगंज चौकी के पास कूड़े का जमाव और डोर-टू-डोर कलेक्शन में अनियमितता पाई गई, जिस पर नगर आयुक्त ने तुरंत सफाई कराने और व्यवस्था सुधारने के निर्देश दिए। सुषमा हॉस्पिटल से कमता चौराहा तक सर्विस लेन में सफाई की स्थिति कमजोर पाई गई, जहां दो शिफ्टों में सफाई कर्मचारियों की तैनाती के निर्देश दिए गए।सुरेंद्रनगर, कमता मार्ग और स्माइलगंज सेकंड (गहमर कुंज) में भी नागरिकों से फीडबैक के आधार पर डोर-टू-डोर सेवाओं में सुधार की जरूरत जताई गई। सिल्वर लाइन अपार्टमेंट के आसपास भी सफाई में लापरवाही मिली, जिस पर नगर आयुक्त ने सेवा निरंतरता और नागरिक संवाद पर बल दिया।निरीक्षण के दौरान अपर नगर आयुक्त ललित कुमार, जोनल सेनेटरी अधिकारी देवेंद्र कुमार वर्मा, एलएसए अधिकारी और अन्य फील्ड स्टाफ मौके पर मौजूद रहे। निरीक्षण के अंत में नगर आयुक्त ने लापरवाही के लिए जोन-7 की एलएसए एजेंसी पर ₹5 लाख का जुर्माना लगाया। इसके अलावा स्माइलगंज में तैनात कार्यदाई संस्था एमएस संतोष सिंह पर ₹10 हजार का जुर्माना लगाया गया और जोनल सेनेटरी अधिकारी को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया।नगर आयुक्त ने स्पष्ट किया कि सफाई व्यवस्था में किसी भी तरह की ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सुधार के लिए ज़मीनी स्तर पर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

Leave A Reply

Your email address will not be published.