
लखनऊ में वाहन चोरी का पर्दाफाश, शातिर चोर गिरफ्तार, चोरी की बाइक बरामद
लखनऊ: पुलिस कमिश्नरेट लखनऊ की थाना चौक पुलिस ने वाहन चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान में एक बड़ी सफलता हासिल की है। थाना चौक पुलिस ने आज एक शातिर चोर को गिरफ्तार कर चोरी की गई मोटरसाइकिल बरामद की। गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान समीर उर्फ छोटू पुत्र मोबिन निवासी ग्राम करमहना, थाना गौरा, जनपद बलरामपुर, जो वर्तमान में लाल मस्जिद के पास किराये के मकान में बारूदखाना थाना वजीरगंज, लखनऊ में रह रहा था, के रूप में हुई है। उसकी उम्र लगभग 21 वर्ष है।पुलिस के अनुसार, दिनांक 15 सितंबर 2025 को संदीप कुमार चौरसिया निवासी मड़ियाव ने थाना चौक में तहरीर दी थी। उन्होंने बताया कि वह सुबह करीब आठ बजे ट्रामा सेंटर दवा लेने आए थे और अपनी बजाज पल्सर मोटरसाइकिल (रजिस्ट्रेशन संख्या UP32PH1488) गेट नंबर 16 के पास खड़ी कर अंदर चले गए थे। दवा लेकर लौटे तो वाहन गायब था। आसपास तलाश करने पर भी कोई सुराग नहीं मिला।तहरीर मिलने के बाद पुलिस ने तुरंत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। आज 16 सितंबर 2025 को सुबह करीब 2:22 बजे पुलिस ने राजकीय हुसैनाबाद इंटर कॉलेज के पीछे सड़क किनारे से समीर उर्फ छोटू को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में उसने वाहन चोरी की घटना स्वीकार की। उसके कब्जे से चोरी की मोटरसाइकिल बरामद हुई।पुलिस ने बताया कि समीर उर्फ छोटू का आपराधिक इतिहास भी है। उसके खिलाफ पहले से हत्या, चोरी और असलहों से संबंधित अपराधों में कई मुकदमे दर्ज हैं। इनमें थाना वजीरगंज में हत्या से संबंधित मामला, थाना मड़ियाव में चोरी का मामला, थाना चौक में चोरी का मामला और थाना ठाकुरगंज में चोरी व अन्य अपराधों से संबंधित मुकदमे शामिल हैं। वर्तमान में उसके खिलाफ थाना चौक में वाहन चोरी से संबंधित मामला दर्ज किया गया है।बरामद मोटरसाइकिल काले रंग की बजाज पल्सर है, जिसका रजिस्ट्रेशन नंबर UP32PH1488, चेसिस नंबर MD2B68BX6RPK12948 और इंजन नंबर DHXPRK12032 है। पुलिस ने अभियुक्त को आवश्यक विधिक कार्यवाही करते हुए जेल भेज दिया है।इस कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक नागेश उपाध्याय, उप निरीक्षक आशुतोष यादव, उप निरीक्षक भूपेंद्र सिंह, उप निरीक्षक मोनेश कुमार यादव तथा कांस्टेबल हिमांशु सिंह शामिल रहे। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि वाहन चोरी जैसी घटनाओं पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है और अपराधियों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई जारी रहेगी।
