diwali horizontal

लखनऊ रेजीडेंसी में शुरू हुआ भव्य लाइट एंड साउंड शो, दर्शाए जा रहे हैं वीरता और विरासत के गौरवशाली प्रसंग

0 97

लखनऊ रेजीडेंसी में शुरू हुआ भव्य लाइट एंड साउंड शो, दर्शाए जा रहे हैं वीरता और विरासत के गौरवशाली प्रसंग

लखनऊ: उत्तर प्रदेश पर्यटन विभाग ने राजधानी लखनऊ की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक विरासत को जन-जन तक पहुंचाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए लखनऊ रेजीडेंसी परिसर में भव्य लाइट एंड साउंड शो का शुभारंभ किया है। यह आकर्षक प्रस्तुति दर्शकों के समक्ष लखनऊ की समृद्ध धरोहर, पारंपरिक खानपान, स्वतंत्रता संग्राम में निभाई गई भूमिका और वीर क्रांतिकारियों के अदम्य साहस की गाथाओं को जीवंत रूप में प्रस्तुत करती है।पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने बताया कि लाइट एंड साउंड शो के माध्यम से दर्शक न केवल रेजीडेंसी के इतिहास से परिचित होंगे, बल्कि वे उस युग के संघर्ष और बलिदान को भी महसूस कर सकेंगे, जिसने भारतीय स्वतंत्रता आंदोलन को नई दिशा दी। यह शो प्रतिदिन शाम 6 बजे से आयोजित किया जा रहा है। प्रारंभिक दिनों में पर्यटक इस मनोरम प्रस्तुति का निःशुल्क आनंद उठा सकेंगे, जबकि बाद में इसके लिए आंशिक शुल्क निर्धारित किया जाएगा ताकि अधिक से अधिक पर्यटक इसका अनुभव कर सकें।मंत्री ने बताया कि पर्यटन विभाग का उद्देश्य इस शो के माध्यम से हर आयु वर्ग के लोगों, विशेषकर युवाओं और बच्चों, को इतिहास से जोड़ना है। यह कार्यक्रम न केवल मनोरंजक है, बल्कि ज्ञानवर्धक और प्रेरणादायक भी है। रेजीडेंसी की ऐतिहासिक इमारतें आज भी 1857 के प्रथम स्वतंत्रता संग्राम की साक्षी हैं। इन दीवारों पर आज भी मौजूद गोलियों और तोपों के निशान उस युग के बलिदान और शौर्य की अमर गाथा सुनाते हैं।इस पहल के माध्यम से पर्यटन विभाग ने न केवल लखनऊ की ऐतिहासिक रेजीडेंसी को पुनर्जीवित किया है, बल्कि राज्य में सांस्कृतिक और विरासत पर्यटन को नई दिशा भी दी है। यह लाइट एंड साउंड शो विभाग की उस दूरदर्शी सोच का प्रतीक है जिसमें इतिहास के संरक्षण और पर्यटन संवर्धन को समान रूप से जोड़ा गया है। आधुनिक तकनीक के प्रयोग से यह शो दर्शकों को अतीत की स्मृतियों में ले जाकर देशभक्ति, गौरव और सांस्कृतिक चेतना का भाव जगाने का कार्य कर रहा है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.