
मोहनलालगंज में दर्दनाक सड़क हादसा, खड़ी पिकअप से टकराई मोटरसाइकिल — युवक की मौत
लखनऊ: राजधानी लखनऊ के मोहनलालगंज क्षेत्र में रविवार की रात एक भीषण सड़क हादसे में एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई। बताया गया कि युवक अपनी मोटरसाइकिल से कहीं जा रहा था, तभी सड़क किनारे खराब खड़ी पिकअप वाहन से उसकी बाइक टकरा गई। हादसे में युवक गंभीर रूप से घायल हुआ, जिसे पुलिस ने तत्काल ट्रामा सेंटर पहुंचाया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मृत्यु हो गई।जानकारी के अनुसार, यह घटना रविवार रात करीब 9.45 बजे की है। कंट्रोल रूम के माध्यम से थाना मोहनलालगंज पुलिस को सूचना मिली कि घर की रसोई ढाबा के पास एक दुर्घटना हुई है। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी के निर्देश पर स्थानीय पुलिस बल मौके पर पहुंचा और राहत कार्य शुरू किया।मौके पर जांच में पता चला कि मोहम्मद जुएफ कुरैशी (उम्र लगभग 30 वर्ष) पुत्र मोहम्मद रऊफ कुरैशी, निवासी ग्राम मऊ, थाना मोहनलालगंज, लखनऊ, अपनी मोटरसाइकिल संख्या UP32MC3652 से जा रहे थे। रास्ते में उनकी बाइक सड़क किनारे खराब खड़ी महिंद्रा पिकअप वाहन संख्या UP77AN1119 से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और सवार मोहम्मद जुएफ कुरैशी गंभीर रूप से घायल हो गए।पुलिस ने तत्काल घायल युवक को ट्रामा सेंटर, लखनऊ भिजवाया, जहां डॉक्टरों ने इलाज के दौरान उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक के परिजन भी अस्पताल पहुंचे और पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी।पुलिस ने मोटरसाइकिल को चौकी परिसर में खड़ा करवा दिया है, जबकि पिकअप वाहन, जिसका पीछे का पहिया टूटा हुआ था, उसे क्रेन की मदद से सड़क किनारे हटवाया गया। बताया गया कि हादसे के समय पिकअप चालक मौके पर मौजूद नहीं था।थाना मोहनलालगंज पुलिस ने घटना की जानकारी उच्चाधिकारियों को दी और पंचायतनामा की कार्यवाही थाना पीजीआई पुलिस द्वारा संपन्न कराई गई। मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।स्थानीय निवासियों ने बताया कि सड़क किनारे खड़े बड़े वाहनों के कारण इस क्षेत्र में आए दिन दुर्घटनाएं होती रहती हैं। लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि ऐसे वाहनों की अनियंत्रित पार्किंग पर तत्काल रोक लगाई जाए, जिससे भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। पिकअप वाहन के मालिक और चालक की पहचान कर उनके विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।