diwali horizontal

अखिलेश यादव ने पहलगाम आतंकी हमले पर केन्द्र सरकार से कड़ी कार्रवाई की मांग की

0 116

अखिलेश यादव ने पहलगाम आतंकी हमले पर केन्द्र सरकार से कड़ी कार्रवाई की मांग की

लखनऊ: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कश्मीर के पहलगाम में पर्यटकों पर हुए आतंकी हमले पर गहरी चिंता जताते हुए केन्द्र सरकार से कड़ी कार्रवाई करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि सरकार को इस घटना पर ठोस कदम उठाने चाहिए और समाजवादी पार्टी केन्द्र सरकार के साथ है।अखिलेश यादव ने कहा कि पहलगाम में जो पर्यटक शहीद हुए हैं, उनकी सहायता की जानी चाहिए। उन्होंने मांग की कि शहीद परिवारों को सरकार दस-दस करोड़ रुपये की मदद दे और पीड़ित परिवारों को सरकारी नौकरी प्रदान करे। इसके अलावा, उन्होंने सरकार से यह भी अनुरोध किया कि उन पर्यटकों को शहीद का दर्जा दिया जाए जो इस आतंकी हमले में मारे गए।बलिया में सांसद सनातन पाण्डेय के घर आयोजित शादी समारोह में शामिल होने के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि यह घटना इतनी भयावह है कि उसकी कल्पना भी नहीं की जा सकती थी। उन्होंने सुरक्षा में चूक और इंटेलिजेंस फेलियर का जिक्र करते हुए कहा कि सरकार हमेशा डंका बजाने का दावा करती है, तो फिर आतंकवादी वहां कैसे घुस आए और निर्दोष पर्यटकों की जान ले गए।अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि सरकार “अमृतकाल” की बात करती है, लेकिन पहलगाम में घायलों को डेढ़ घंटे तक इलाज की सुविधा नहीं मिल पाई। उन्होंने कहा कि कानपुर और गुजरात के पीड़ित परिवारों ने जो घटना के बारे में बताया, उसे देशभर ने देखा है।इसके अलावा, अखिलेश यादव ने भाजपा पर दलितों के खिलाफ काम करने का आरोप लगाया और कहा कि उत्तर प्रदेश में दलितों के खिलाफ अपराध की घटनाएं सबसे अधिक हो रही हैं। उन्होंने यह भी कहा कि समाजवादी पार्टी के सांसद रामजी लाल सुमन और उनके खिलाफ जान से मारने की धमकियां दी जा रही हैं, लेकिन वे डरने वाले नहीं हैं।अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार में दबंगों और अराजक तत्वों को सत्ता का संरक्षण मिल रहा है। पीडीए समाज के लोग इस अराजकता का सामना कर रहे हैं।इस अवसर पर नेता विरोधी दल माता प्रसाद पाण्डेय, पूर्व नेता विरोधी दल रामगोविन्द चौधरी, सांसद सनातन पाण्डेय, सांसद रमाशंकर राजभर, जिलाध्यक्ष और विधायक संग्राम सिंह, पूर्व विधायक संतोष पाण्डेय और राष्ट्रीय सचिव अवलेश सिंह भी उपस्थित थे।

Leave A Reply

Your email address will not be published.