diwali horizontal

मंदिर कोष से ब्रज के बेटियों को मिलेगा ‘प्रियाकान्तजू कन्या विद्याधन : होली महोत्सव में शिक्षा के लिये 125 जरूरतमंद बेटियों को आर्थिक सहयोग

0 101

मथुरा : ठा. श्रीप्रियाकान्तजू मंदिर पर आयोजित होली महोत्सव में मंदिर कोष से ब्रज की बेटियों को शिक्षा हेतु आर्थिक सहायता प्रदान की जायेगी। मंदिर प्रबंधन द्वारा जरूरतमंद बेटियों के आवेदन पत्र मॉंगें गये हैं। बड़ी संख्या में छात्राओं ने मंदिर पहुंच कर चयन प्रक्रिया में भाग लिया । संस्था पदाधिकारियों ने छात्राओं के शैक्षिक प्रपत्रों की जांच की। 125 छात्राओं को चयन पश्चात 16 मार्च को यह सहायता राशि दी जायेगी। बछटीकरा मार्ग स्थित ठा. श्रीप्रियाकान्तजू मंदिर पर 200 से अधिक छात्राओं ने चयन परीक्षा में भाग लिया।

मथुरा, वृन्दावन के अलावा ग्रामीण क्षेत्र से भी छात्राएं यहाँ पहुॅंचीं । छात्राओं से सामान्य ज्ञान, सामाजिक व्यवहार एवं विचारों से सम्बंधित प्रश्न पूछे गये । वहीं उनके शैक्षिक प्रमाण पत्रों एवं पारिवारिक स्थिति की जानकारी ली गयी। कार्यक्रम मीडिया प्रभारी जगदीश वर्मा ने बताया कि प्रियाकान्तजू मंदिर कोष से प्रतिवर्ष मथुरा-वृन्दावन में अध्ययनरत् जरूरतमंद परिवारों की 125 बेटियों को आर्थिक सहायता प्रदान की जाती है। भागवत प्रवक्ता देवकीनंदन ठाकुरजी महाराज की प्रेरणा से मंदिर स्थापना से ही ‘प्रियाकान्तजू कन्या विद्याधन’ योजना चलायी जा रही है।

इसमें प्रत्येक बेटी को 5100 की धनराशि का चैक प्रदान किया जाता है। विश्व शांति सेवा चैरीटेबल ट्रस्ट सचिव विजय शर्मा ने बताया कि मंदिर के साथ संस्था द्वारा भी सम्पूर्ण राशि में भागीदारी की जाती है। यह सहयोग सरकार के ‘बेटी बचाओ-बेटी पढ़ायो’ अभियान को समर्पित है। 16 मार्च को देवकीनंदन महाराज द्वारा सहयोग राशि प्रदान की जायेगी। इस अवसर पर संस्था प्रबंधक गजेन्द्र सिंह, रोहित मीना, पारितोष राना, प्रीती सिंह, अमित आदि शामिल रहे।

Leave A Reply

Your email address will not be published.