
जयपुर : उत्तर प्रदेश की मथुरा जेल से पिछले लगभग साढ़े सात महीने सजा काटने के बाद अब डॉ कफील खान को रिहा कर दिया गया है। डॉ कफील की रिहाई के बाद जहां तमाम राजनीतिक संगठनों ने योगी सरकार को निशाना साधते हुए बयानबाजी की थी, तो वहीं अब इसी क्रम में कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने डॉ कफील की पत्नी से फोन पर बात की है।
प्रियंका गांधी वाड्रा ने इस दौरान डॉ कफील की पत्नी से बात कर उनके परिवार का हालचाल पूछा। बताया जा रहा है कि यूपी अल्पसंख्यस्क कांग्रेस के प्रदेश चेयरमैन शाहनवाज आलम ने प्रियंका गांधी की डॉ कफील की पत्नी से बात कराई है। आपको बता दें कि मथुरा जेल से छूटने के बाद डॉ कफील का परिवार सुरक्षा की दृष्टि से कांग्रेस शासित राजस्थान के एक रेसॉर्ट में रह रहा है। जिसको लेकर बीते गुरुवार को डॉ कफील ने प्रियंका गांधी और कांग्रेस के सहयोग के लिए धन्यवाद दिया था।
वहीं अब यूपी अल्पसंख्यस्क कांग्रेस के प्रदेश चेयरमैन शाहनवाज आलम ने बताया कि प्रियंका गांधी ने डॉ कफील की पत्नी डॉ शबिस्ता खान से शुक्रवार सुबह फोन पर बात की और कफील की बुजुर्ग मां और उनके बच्चों की खैरियत जानी। उन्होंने उनको अपना निजी नम्बर भी दिया और कहा कि जब भी कोई जरूरत हो वो उन्हें बेझिझक फोन करें। गौरतलब हो कि प्रियंका गांधी के निर्देश पर मथुरा से ही डॉ कफील के साथ शाहनवाज आलम व अन्य कांग्रेस नेता डॉ कफील के साथ राजस्थान आए हैं