
लखनऊ : भूतनाथ स्थित मंदिर मार्ग पर अवैध अतिक्रमण को समाप्त कराने के लिए बुधवार को उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल के व्यापारियों ने नगर निगम जोन-7 के जोनल अधिकारी से एक बैठक की। बैठक की अध्यक्षता संगठन के अध्यक्ष धर्मेन्द्र गुप्ता ने की। बैठक के दौरान व्यापारियों ने जोनल अधिकारी चन्द्रशेखर यादव को अपनी समस्या से अवगत कराया। जिस पर जोनल अधिकारी ने शुक्रवार तक अवैध अतिक्रमण हटाने का आश्वासन दिया है। अतिक्रमण हटाने को लेकर जोनल अधिकारी ने पुलिश प्रशासन को भी अवगत करा दिया है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से शुक्रवार को अतिक्रमण हटाने के समय पुलिस बल की मांग की है।
संगठन के अध्यक्ष धर्मेन्द्र गुप्ता ने बताया कि भूतनाथ मेट्रो स्टेशन से लेकर पूरे मंदिर मार्ग पर लोगों ने अवैध अतिक्रमण कर रखा है। जिससे यहां की बाजार के व्यापारियों को व्यापार करना दूभर हो गया है। अतिक्रमण करने वालों की वजह से दुकानों पर ग्राहक नहीं आ पाते हैं। उन्होंने बताया कि अतिक्रमण हटाने को लेकर पहले भी पुलिस को प्रार्थना पत्र दिया गया था लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई।
उन्होंने बताया कि सडक़ के दोनों ओर फुटपाथ पर अवैध कब्जा किये लोगों में यह पहचानना मुश्किल है कि कौन स्थायी है और कौन बाहरी। धर्मेन्द्र ने बताया कि इन लोगों के वेरिफिकेशन को लेकर पुलिस से कहा गया पर अभी तक किसी का भी वेरिफि केशन नहीं हुआ है। सुबह जब दुकानों पर काम करने वाले कर्मचारी बैंक में पैसा जमा करने जाते हैं तो हमेशा डर लगा रहता है कि उनके साथ कोई अनहोनी न हो जाये। देवेन्द्र गुप्ता, रतन, ज्ञान प्रकाश सिंह, कमल अग्रवाल, मनोज अग्रवाल, अरशद शफीपुरी, अनिल कुमार, अभिषेक गुप्ता, सौरभ अरोड़ा, राजेश श्रीवास्तव, आशीष बंसल, अरविन्द पाठक, प्रमोद बंसल, अतुल सिंह, सुनील गप्ता सहित अन्य व्यापारी मौजूद रहे।