
बिहार में महागठबंधन की सरकार बनना तय: अखिलेश यादव
पटना/लखनऊ: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने सोमवार को बिहार विधानसभा चुनाव के प्रचार अभियान में इंडिया गठबंधन के प्रत्याशियों के पक्ष में चार विशाल चुनावी जनसभाओं को संबोधित किया। उन्होंने पूर्वी चम्पारण के कल्याणपुर विधानसभा क्षेत्र में राष्ट्रीय जनता दल प्रत्याशी मनोज यादव, सिवान के रघुनाथपुर विधानसभा क्षेत्र में ओसामा साहब, महराजगंज विधानसभा क्षेत्र में विशाल कुमार जायसवाल और कैमूर जिले के भभुआ विधानसभा क्षेत्र में अजीत सिंह के समर्थन में जनता से भारी मतों से जीत दिलाने की अपील की।अखिलेश यादव ने कहा कि बिहार की जनता इस बार महागठबंधन की सरकार बनाने जा रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा का सफाया होना तय है, क्योंकि जनता अब भ्रष्टाचार, झूठ और लूट के बंडलराज से मुक्ति चाहती है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा बजट की लूट कर बिहार का पैसा बाहर भेजती रही है, जबकि महागठबंधन उस लूट को रोककर बिहार का पैसा बिहार के विकास में लगाएगा।उन्होंने कहा कि भाजपा की पहचान झूठ और भ्रष्टाचार से है। किसानों और नौजवानों से झूठे वादे किए गए, पर पूरा कोई नहीं हुआ। जब तेजस्वी यादव उपमुख्यमंत्री थे, तब युवाओं को नौकरियां मिल रही थीं और विकास की नई लहर उठी थी। भाजपा को यह रास नहीं आया और उसने साजिश कर सरकार गिरा दी। अखिलेश ने कहा कि इस बार जनता भाजपा को जवाब देगी, क्योंकि बिहार में बदलाव की बयार चल चुकी है।अखिलेश यादव ने कहा कि नया बिहार बनेगा, जहां हर घर में नौकरी और खुशहाली होगी। तेजस्वी यादव हर परिवार को रोजगार देंगे, माताओं-बहनों को 2500 रुपये प्रतिमाह, गैस सिलेंडर 500 रुपये में और 200 यूनिट मुफ्त बिजली दी जाएगी। जीविका दीदियों को तीस हजार रुपये प्रतिमाह की आय सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने कहा कि भाजपा सिर्फ महंगाई बढ़ाने, डीजल-पेट्रोल और जीएसटी लगाकर व्यापार बर्बाद करने का काम करती रही है।उन्होंने कहा कि भाजपा की नीतियां हर मोर्चे पर असफल रही हैं — चाहे विदेश नीति हो या आर्थिक नीति। अमेरिका के दबाव में भाजपा सरकार ने दूध और दही के आयात पर गुप्त समझौता किया है, जो भारतीय परंपरा और स्वावलंबन के विरुद्ध है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि “गोरखपुर में गोरखधंधा चलाने वाले एकरंगी जी क्या अब अमेरिकी नॉनवेज दूध-दही खाएंगे?”पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि यह चुनाव सिर्फ बिहार का नहीं, बल्कि देश के भविष्य और नौजवानों के रोजगार का चुनाव है। भाजपा को सत्ता से हटाना ही देश को बचाने का रास्ता है। भाजपा जाएगी तभी नौकरी आएगी। अब बिहार से नौजवान नहीं, भाजपा का पलायन होगा।अखिलेश यादव ने कहा कि उत्तर प्रदेश के एकरंगी नेता नाम, वेशभूषा और पार्टी सब कुछ बदलते रहे हैं, लेकिन जनता अब उन्हें बदलने के लिए तैयार है। उन्होंने गोरखपुर में सड़कों के निर्माण में हुए भ्रष्टाचार को लेकर भी हमला बोला और कहा कि भाजपा ने सड़कों में भी लूट मचा रखी है।उन्होंने कहा कि समाजवादियों ने आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे जैसी सड़कों से देश को आधुनिकता की दिशा दी, जबकि भाजपा सिर्फ नकल करती है — वह भी बिना अक़ल के। भाजपा की सड़कों पर चलने से पेट और पीठ दर्द होने लगता है।अखिलेश ने कहा कि बिहार का यह चुनाव “नौकरी बनाम भाजपा” है। एक तरफ तेजस्वी यादव का रोजगार देने वाला विजन है और दूसरी तरफ भाजपा का झूठा प्रचार। उन्होंने कहा कि जनता अब सब समझ चुकी है और भाजपा की हार लिख चुकी है।उन्होंने रघुनाथपुर में ओसामा साहब के समर्थन में कहा कि यह चुनाव नए विचारों और युवाओं की राजनीति को आगे बढ़ाने का अवसर है। नौजवान विधायक बनेगा, नौजवान मुख्यमंत्री बनेगा और नया बिहार बनेगा।अखिलेश यादव ने कहा कि बिहार में समाजवादी और लालू प्रसाद यादव की परंपरा ने सामाजिक न्याय की लड़ाई को मजबूत किया है। इस बार गठबंधन की सरकार बनाकर बिहार में फिर से सामाजिक न्याय के राज की स्थापना होगी। उन्होंने घोषणा की कि तेजस्वी यादव बिहार में और समाजवादी पार्टी 2027 में उत्तर प्रदेश में सरकार बनाकर दोनों राज्यों को पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे से जोड़ेंगे, जिससे दिल्ली तक सीधा संपर्क, उद्योग और व्यापार का नया युग शुरू होगा।उन्होंने विश्वास जताया कि बिहार में महागठबंधन की लहर चल रही है और इस हवा के सामने भाजपा कहीं नहीं टिक पाएगी।
