
आईपीएल मैच के मद्देनज़र इकाना स्टेडियम के आसपास कल रहेगी विशेष ट्रैफिक व्यवस्था, कई रूटों पर रहेगा डायवर्जन
आईपीएल मैच के मद्देनज़र इकाना स्टेडियम के आसपास कल रहेगी विशेष ट्रैफिक व्यवस्था, कई रूटों पर रहेगा डायवर्जन
लखनऊ: राजधानी के इकाना स्टेडियम में 27 मई को होने जा रहे आईपीएल मैच को देखते हुए लखनऊ यातायात पुलिस ने विशेष ट्रैफिक प्लान जारी किया है। यह व्यवस्था मैच समाप्ति तक यानी रात 12 बजे तक लागू रहेगी। ट्रैफिक पुलिस ने आम जनता, दर्शकों और वाहन चालकों से सहयोग की अपील करते हुए स्पष्ट किया है कि शहीद पथ और उसके आसपास के कई मार्गों पर भारी वाहनों, ई-रिक्शा और ऑटो आदि पर आंशिक प्रतिबंध रहेगा, वहीं वैकल्पिक रूट खुले रहेंगे।यातायात पुलिस के मुताबिक, मैच के दौरान शहीद पथ पर रोडवेज और प्राइवेट बसों सहित सभी व्यावसायिक वाहनों का प्रवेश पूरी तरह से प्रतिबंधित रहेगा। ये वाहन अमूल तिराहे और कटाई पुल से डायवर्ट कर दिए जाएंगे। हालांकि निजी वाहन और टैक्सी जैसे ओला-ऊबर चालू रहेंगे, लेकिन उनके लिए भी सवारी चढ़ाने और उतारने के लिए विशेष स्थान चिन्हित किए गए हैं।मैच के दौरान सिटी बसें भी चलेंगी, लेकिन वे शहीद पथ पर हुसड़िया और सुशांत गोल्फ सिटी के बीच नहीं रुकेंगी और सड़क के दाईं ओर से गुजरेंगी। वहीं, ई-रिक्शा और ऑटो के संचालन पर शहीद पथ और सर्विस रोड पर पूरी तरह से रोक रहेगी। अर्जुनगंज और सुल्तानपुर रोड से आने वाले ऑटो और ई-रिक्शा के लिए वैकल्पिक रूट तय किए गए हैं, जिनके जरिए वे अहिमामऊ से पहले सवारी उतारकर वापस लौटेंगे।ओला-ऊबर और अन्य किराए के वाहनों को भी स्टेडियम के आसपास सीधे जाने की अनुमति नहीं होगी। उन्हें भी पीएचक्यू, यूपी-112, और मातृत्व अस्पताल के पीछे बनी सड़कों पर ही पिक और ड्रॉप की सुविधा दी गई है। साथ ही निजी वाहनों के लिए पार्किंग की स्पष्ट व्यवस्था की गई है। जिनके पास वैध वाहन पास होगा, वे चिन्हित मार्गों से स्टेडियम के पास की अधिकृत पार्किंग में वाहन खड़ा कर सकेंगे। बिना पास वाले वाहन भी इसी रूट से जाकर पहले आओ-पहले पाओ के आधार पर पार्किंग ले सकेंगे।दोपहिया वाहन चालकों को प्लासियों मॉल के पीछे पार्किंग करने का निर्देश दिया गया है। वीवीआईपी अथवा उनके साथ आने वाले सुरक्षा वाहन स्टेडियम से हटकर अन्य क्षेत्रों में पार्क किए जाएंगे। स्टेडियम के पास अवैध पार्किंग मिलने पर वाहनों को टो किया जाएगा या व्हील क्लैम्प लगाया जाएगा।
मैच में प्रवेश को लेकर भी सख्त नियम तय किए गए हैं। टिकट केवल ऑनलाइन या पूर्व बिक्री के माध्यम से उपलब्ध होंगे। स्टेडियम पर किसी भी प्रकार का टिकट काउंटर नहीं होगा और केवल हार्ड कॉपी वाले टिकट धारकों को ही प्रवेश मिलेगा। प्रवेश मैच शुरू होने से तीन घंटे पहले से मिलेगा और दूसरी पारी के मध्य तक ही अंतिम प्रवेश मान्य होगा। एक बार बाहर निकलने के बाद दोबारा स्टेडियम में प्रवेश की अनुमति नहीं होगी।इसके अलावा स्टेडियम में सिक्के, ईयरफोन, ज्वलनशील पदार्थ और अन्य प्रतिबंधित वस्तुओं पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। स्टेडियम के आसपास के स्थानीय निवासियों से अपील की गई है कि अनावश्यक रूप से स्टेडियम की ओर न जाएं और अन्य वैकल्पिक मार्गों का प्रयोग करें। दर्शकों को भी सलाह दी गई है कि शाम 6 से 8 बजे के पीक ऑवर से बचते हुए समय से पहले स्टेडियम पहुंचे।यातायात पुलिस लखनऊ ने सभी से सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि नियमों के उल्लंघन पर सख्त कार्रवाई की जाएगी और बिना टिकट या ड्यूटी पास के स्टेडियम में प्रवेश करना दंडनीय अपराध माना जाएगा।
