
लखनऊ में 5 दिन में 45°C तक पहुंचेगा पारा, बढ़ेगी भीषण गर्मी
LUCKNOW HEATWAVE ALERT :राजधानी लखनऊ में आने वाले दिनों में भीषण गर्मी लोगों की मुश्किलें बढ़ाने वाली है। मौसम विभाग के अनुसार अगले पांच दिनों में तापमान लगातार बढ़ेगा और अधिकतम पारा 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। तेज धूप और गर्म हवाओं के चलते दिन के समय बाहर निकलना मुश्किल हो सकता है।
सोमवार सुबह हल्की गर्म हवाओं के साथ तेज धूप निकली। दोपहर के समय सड़कों पर आवाजाही कम दिखाई दी। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि पश्चिमी हवाओं और सूखे मौसम के कारण तापमान में तेजी से बढ़ोतरी होगी। रात के तापमान में भी बढ़ोतरी दर्ज की जा सकती है, जिससे लोगों को उमस और गर्मी से राहत नहीं मिलेगी।
स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने लोगों को दोपहर 12 बजे से 4 बजे तक धूप में निकलने से बचने की सलाह दी है। साथ ही ज्यादा पानी पीने, हल्के कपड़े पहनने और बच्चों व बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखने को कहा गया है।
गर्मी बढ़ने के साथ बिजली की मांग में भी इजाफा होने की संभावना है। ऐसे में शहर में बिजली और पानी की व्यवस्था को लेकर प्रशासन अलर्ट मोड पर है।