diwali horizontal

लखनऊ नगर निगम की सफाई व्यवस्था पर नगर आयुक्त ने कसा शिकंजा, निरीक्षण में मिली लापरवाही पर हुई तत्काल कार्रवाई

0 65

लखनऊ नगर निगम की सफाई व्यवस्था पर नगर आयुक्त ने कसा शिकंजा, निरीक्षण में मिली लापरवाही पर हुई तत्काल कार्रवाई

लखनऊ: राजधानी में बारिश से पहले जलभराव की समस्या से निपटने के उद्देश्य से नगर निगम की ओर से सफाई अभियान को तेज कर दिया गया है। इसी क्रम में बुधवार को नगर आयुक्त गौरव कुमार ने महापौर सुषमा खर्कवाल के निर्देश पर जोन-4 और जोन-7 के अंतर्गत कई क्षेत्रों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अपर नगर आयुक्त ललित कुमार, चीफ इंजीनियर (सिविल) महेश वर्मा, चीफ इंजीनियर (आरआर) मनोज प्रभात सहित नगर निगम के अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।नगर आयुक्त ने सुबह फन मॉल के पास से गुजरने वाले नाले की सफाई की प्रगति का जायजा लिया। उन्होंने निर्देश दिया कि सफाई के बाद नाले से निकली सिल्ट को 24 घंटे के भीतर पूरी तरह से हटाया जाए। इसके बाद कठौता चौराहे से आईजीपी रोड की ओर बनी सड़क के मध्य स्थित नाले का निरीक्षण किया गया, जहां सड़क के दोनों ओर की छोटी नालियों की भी सफाई कराने के निर्देश दिए गए। नगर आयुक्त ने जेडएसओ को सभी कनेक्टिंग पॉइंट्स की नियमित सफाई सुनिश्चित कराने को कहा।कठौता चौराहे से चिनहट तिराहे तक फैले बड़े नाले की स्थिति की समीक्षा करते हुए नगर आयुक्त ने नाले के बाहर पड़ी सिल्ट और हॉर्टिकल्चर वेस्ट पर गंभीर चिंता जताई। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि बारिश से पूर्व सभी प्रमुख नालों की सफाई पूरी कर ली जाए ताकि जलभराव की स्थिति न बने।निरीक्षण के दौरान जब नगर आयुक्त लोहिया अस्पताल मार्ग पहुंचे, तो वहां की नालियों की हालत बेहद खराब पाई गई। कई दुकानदार और ठेले वाले नालियों में कचरा डालते हुए मिले, जिस पर तत्काल कार्रवाई की गई। मौके पर उपस्थित एसएफआई रश्मि शुक्ला के निर्देशन में बॉम्बे पाव-भाजी पर ₹2000, वाहिद बिरयानी पर ₹5000 तथा गुड्डू, कल्लू, योगेश, लल्लू गुप्ता और कृष्णा नामक ठेलेवालों पर कुल ₹1600 का जुर्माना लगाकर कुल ₹7600 का चालान किया गया।इसके बाद नगर आयुक्त ने जोन-7 स्थित सेक्टर-14 का दौरा किया और वार्ड में बनी सभी छोटी-बड़ी नालियों की सफाई जल्द से जल्द कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सफाई कार्य में किसी प्रकार की लापरवाही न हो और नियमित मॉनिटरिंग की जाए।निरीक्षण के अंतिम चरण में नगर आयुक्त ने जोन-1 के बैकुंडधाम का दौरा कर निर्माणाधीन हरित शवदाह गृह का अवलोकन किया। उन्होंने निर्माण कार्य शीघ्र पूर्ण कर उसे चालू करने के निर्देश दिए। इसके बाद विद्युत शवदाह गृह का निरीक्षण किया गया, जहां एक मशीन बंद पाई गई। इस पर उन्होंने सुपरवाइज़र को फटकार लगाई और संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि मशीनरी पार्ट्स समय से मंगवाकर मशीन को जल्द से जल्द चालू किया जाए।नगर आयुक्त ने स्पष्ट कहा कि नगर निगम स्वच्छता अभियान को पूरी प्राथमिकता दे रहा है और किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे नालियों में कचरा न डालें और नगर निगम के सफाई कार्य में सहयोग करें। साथ ही सभी अधिकारियों को निर्देश दिए कि हर वार्ड में नियमित निरीक्षण कर सफाई व्यवस्था को चुस्त-दुरुस्त रखा जाए।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.