
यूपी डेस्क : प्राइम वीडियो की लोकप्रिय कॉमेडी-ड्रामा सीरीज़ ‘पंचायत’ के पांचवें सीज़न का आधिकारिक ट्रेलर जारी हो गया है। सत्ता के नए समीकरणों और ग्रामीण भारत की सादगी के साथ यह सीरीज़ एक बार फिर दर्शकों के बीच लौट रही है। ‘पंचायत सीज़न 5’ का प्रीमियर 3 दिसंबर, 2026 को भारत समेत 240 से अधिक देशों और क्षेत्रों में केवल प्राइम वीडियो पर किया जाएगा।
ट्रेलर में फुलेरा की बदलती राजनीति और नए ड्रामे की झलक दिखाई गई है। इस बार पंचायत की कुर्सी नए हाथों में पहुंच चुकी है, लेकिन चुनौतियां कम नहीं हुई हैं। प्रधानजी (रघुबीर यादव) के लिए बिना गद्दी के नई परिस्थितियों में खुद को ढालना आसान नहीं दिख रहा है। वहीं, सचिवजी (जितेंद्र कुमार) अपनी निजी महत्वाकांक्षाओं, दोस्ती और गांव की नई सियासत के बीच संतुलन साधने की कोशिश में जुटे हैं। इसी बीच सचिवजी और रिंकी (संविका) की प्रेम कहानी में एक अप्रत्याशित मोड़ भी देखने को मिलता है। ट्रेलर यह सवाल छोड़ जाता है कि क्या सचिवजी को अपना प्यार मिल पाएगा और क्या नए प्रधानपति फुलेरा की कमान संभालने में खरे उतरेंगे।
सीरीज़ के निर्देशक और सह-निर्माता दीपक कुमार मिश्रा ने कहा कि चार सीज़न में दर्शकों ने किरदारों और फुलेरा की दुनिया को भरपूर प्यार दिया है। उनके अनुसार, हर सीज़न में कहानी को आगे बढ़ाते हुए उसकी सादगी और सच्चाई को बनाए रखना सबसे बड़ी चुनौती रही है।
द वायरल फीवर (TVF) के बैनर तले बनी इस सीरीज़ को चंदन कुमार ने लिखा है। दीपक कुमार मिश्रा, चंदन कुमार और अरुणाभ कुमार इसके निर्माता हैं। इसमें जितेंद्र कुमार, रघुबीर यादव और संविका के साथ नीना गुप्ता, सुनीता राजवर, फैज़ल मलिक, चंदन रॉय, दुर्गेश कुमार और अशोक पाठक अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे।