
जूता कांड पर गरमाई सियासत, मेयर सुषमा खर्कवाल का अखिलेश यादव से सवाल!
लखनऊ: लखनऊ में मेयर के नेमप्लेट पर जूते मारने की घटना के बाद सियासी माहौल गर्मा गया है। मेयर सुषमा खर्कवाल ने सदन में अखिलेश यादव से सवाल पूछा है। मेयर ने कहा कि जिस पार्टी के लोगों ने मेरे आवास पर तोड़फोड़ की और जूते-चप्पल मारे,
उनके राष्ट्रीय अध्यक्ष की मैं बड़ी बहन हूं। मैं अपने भाई अखिलेश यादव से पूछना चाहती हूं- क्या पार्टी के लोगों द्वारा आपकी बहन को जूता मारना सही है? ये बातें मेयर ने लखनऊ नगर निगम सदन में निंदा प्रस्ताव के दौरान बोलीं।

इस दौरान सदन में भाजपा पार्षद रामनरेश रावत ने कहा कि जिन लोगों ने महापौर के कार्यालय पर पहुंचकर अभद्रता और बदतमीजी की उनको मैं जूते की माला पहनाऊंगा। जूतों से मारुंगा।

गुरुवार को मेयर सुषमा खर्कवाल ने लोकसभा में महिला आरक्षण से संबंधित बिल गिरने पर निंदा प्रस्ताव के लिए सदन बुलाया था। इसमें सभी पार्षदों से निंदा प्रस्ताव पास कराना था। लेकिन इसी बीच विपक्षियों ने हंगामा कर दिया। हंगामे के बीच भाजपा के पार्षदों ने निंदा प्रस्ताव को बहुमत से पास करा दिया। इस दौरान 119 पार्षदों में से 83 पार्षदों के बहुमत से निंदा प्रस्ताव पास हुआ। इसमें से 10 निर्वाचित पार्षद हैं।
