diwali horizontal

संजय सिंह ने योगी सरकार और केंद्र पर साधा निशाना, महिला सुरक्षा और आर्थिक विकास के दावों को बताया खोखला

0 68

संजय सिंह ने योगी सरकार और केंद्र पर साधा निशाना, महिला सुरक्षा और आर्थिक विकास के दावों को बताया खोखला

नई दिल्ली,लखनऊ: आम आदमी पार्टी के सांसद और प्रदेश प्रभारी संजय सिंह ने हाल ही में उत्तर प्रदेश में हुई महिला सुरक्षा से जुड़े गंभीर मामलों को योगी सरकार की विफलता बताते हुए कड़ी आलोचना की। उन्होंने आगरा के एक मंदिर में पांच वर्षीय बच्ची के साथ दरिंदगी, सहारनपुर में छेड़खानी के चलते युवती द्वारा ज़हर खाने जैसे मामलों को लेकर महिला सुरक्षा के दावे की पोल खोल दी। संजय सिंह ने कहा कि योगी सरकार में कानून व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है।प्रेस वार्ता में संजय सिंह ने गौ रक्षा के नाम पर हो रही हिंसा का उदाहरण देते हुए बताया कि अलीगढ़ में 25 मई को चार लोगों को गौमांस ले जाने के झूठे आरोप पर पीटा गया, जबकि बाद में पता चला कि वह गौमांस नहीं था। उन्होंने सवाल उठाया कि योगी आदित्यनाथ सरकार ने इस तरह की गुंडागर्दी को किन हालात में अनुमति दी है।संजय सिंह ने कहा कि प्रदेश की कानून व्यवस्था की हालत गंभीर है और डबल इंजन की सरकार में दोनों इंजन काम नहीं कर रहे हैं। उन्होंने सरकार से फास्ट ट्रैक कोड लागू कर अपराधियों को जल्द सजा दिलाने की मांग की ताकि यह अन्य के लिए उदाहरण बने।केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन सिंदूर’ को वोट बैंक का अभियान बताते हुए कहा कि प्रधानमंत्री के पास पहलगाम हमले की पीड़ित महिलाओं से मिलने का समय नहीं है, जबकि वे रैलियों में व्यस्त हैं। संजय सिंह ने प्रधानमंत्री से पूछा कि आतंकवादी पहलगाम में कैसे आए, उन्हें अब तक क्यों नहीं मारा गया, और ट्रंप के दबाव में सीजफायर क्यों घोषित किया गया।आर्थिक दावों को लेकर भी संजय सिंह ने केंद्र सरकार की आलोचना की। उन्होंने कहा कि भारत को विश्व की चौथी बड़ी अर्थव्यवस्था बताना पूरी तरह झूठ है। नीति आयोग के सदस्य अरविंद विरमानी ने इसे एक संभावना बताया है, परंतु अभी तक वास्तविकता यह है कि भारत प्रति व्यक्ति आय के मामले में 140वें स्थान पर है। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यकाल में देश का कर्ज 181 लाख करोड़ रुपए तक पहुंच गया है, जबकि 14 पूर्व प्रधानमंत्रियों के कार्यकाल में 55 लाख करोड़ रुपए था।सांसद संजय सिंह ने कहा कि भुखमरी और बाल स्वास्थ्य के मामले में भारत की स्थिति चिंताजनक है। 5 साल से कम उम्र के 35.5% बच्चे बौनेपन से पीड़ित हैं, 18.7% बच्चे कम वजन के हैं और 2.9% बच्चे पांच वर्ष की उम्र तक पहुंचने से पहले ही मर जाते हैं। ये आंकड़े विकास के दावों की हकीकत सामने लाते हैं।इस मौके पर प्रख्यात शिक्षाविद और दिल्ली की पटपड़गंज सीट से आम आदमी पार्टी के प्रत्याशी अवध ओझा ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के कई बयान तथ्यों से परे हैं। उन्होंने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ पर कटाक्ष करते हुए कहा कि सिंदूर में सीसा होता है जो जहरीला होता है, और इस तरह प्रधानमंत्री का यह बयान जनता को गलत संदेश देता है। ओझा ने कहा कि देश की अधिकांश संपत्ति एक प्रतिशत लोगों के पास केंद्रित है, इसलिए चौथी बड़ी अर्थव्यवस्था बनने का दावा आम जनता के लिए मायने नहीं रखता।अंत में संजय सिंह ने कहा कि देश के युवाओं को समझना होगा कि देश की वास्तविक आर्थिक और सामाजिक स्थिति क्या है। उन्होंने चेतावनी दी कि केवल कुछ लोग अमीर होते जा रहे हैं, जबकि शिक्षा, स्वास्थ्य, बाल मृत्यु दर और भुखमरी के मामले में भारत पीछे है। यही सच्चाई है जिसे देश को समझना होगा।

Leave A Reply

Your email address will not be published.