
मुख्यमंत्री ने जनपद गोण्डा की मनकापुर एवं गौरा विधानसभा क्षेत्रों में 520 करोड़ रु0 से अधिक लागत की 69 विकास एवं जनकल्याणकारी परियोजनाओं के लोकार्पण एवं शिलान्यास किया
मुख्यमंत्री ने जनपद गोण्डा की मनकापुर एवं गौरा विधानसभा क्षेत्रों में 520 करोड़ रु0 से अधिक लागत की 69 विकास एवं जनकल्याणकारी परियोजनाओं के लोकार्पण एवं शिलान्यास किया
- HEADING
- प्रधानमंत्री जी के मार्गदर्शन में विगत साढे़ 09 वर्षों में उ0प्र0 ने विकास के नए प्रतिमान स्थापित किए : मुख्यमंत्री
- विगत साढ़े 09 वर्षों में गोण्डा जनपद में 16 हजार करोड़ रु0 से अधिक तथा सम्पूर्ण देवीपाटन मण्डल में लगभग 50 हजार करोड़ रु0 की विकास परियोजनाएँ स्वीकृत
- बलरामपुर से गोण्डा और गोण्डा से अयोध्या मार्ग के चौड़ीकरण का कार्य भी आगे बढ़ाया जाएगा, भारत सरकार द्वारा इसकी मंजूरी दी जा चुकी
- गोण्डा में मेडिकल कॉलेज, इंजीनियरिंग कॉलेज, एग्रीकल्चर कॉलेज और देवीपाटन मण्डल में विश्वविद्यालय स्थापित होना विकास की नयी तस्वीर प्रस्तुत करता
- यह माँ पाटेश्वरी शक्तिपीठ की पावन भूमि तथा सन् 1857 के प्रथम स्वतंत्रता संग्राम के अमर सेनानी महाराजा देवी बख्श सिंह की धरती
- इसी धरा पर महर्षि पतंजलि के नाम पर योग की धारा आगे बढ़ी, गोस्वामी तुलसीदास जी ने अपने गुरु के श्रीमुख से रामकथा सुनी और भगवान श्रीराम पर रामायण लिखने की प्रेरणा प्राप्त की
- गोण्डा में महाराजा देवी बख्श सिंह तथा बहराइच में महाराजा सुहेलदेव के नाम पर मेडिकल कॉलेज निर्मित, बलरामपुर में श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी जी के नाम पर मेडिकल कॉलेज निर्माणाधीन
- बाबा पृथ्वीनाथ मन्दिर, स्वामीनारायण मन्दिर छपिया और बाराही देवी मन्दिर के पुनरुद्धार एवं विकास के लिए धनराशि उपलब्ध करायी जा रही
- 4,500 सब-इंस्पेक्टरों को इसी सप्ताह तथा दीपावली के बाद 35 हजार पुलिस कॉन्स्टेबलों तथा 42 हजार होमगार्डों को नियुक्ति पत्र दिए जाएंगे
- 04 वर्ष की सेवा पूर्ण करके वापस आने वाले अग्निवीरों को उ0प्र0 सरकार के विभिन्न विभागों में 20 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण दिया जाएगा
- 08 नवम्बर, 2026 को दीपावली और 07 नवम्बर को अयोध्या में दीपोत्सव का आयोजन होगा, सभी लोग दीपोत्सव का हिस्सा बनें, किसी गरीब के घर जाकर उसे भी दीपक उपलब्ध कराएं



पूर्ववर्ती सरकारों के समय पर्व और त्योहारों से पहले उपद्रव शुरू हो जाते थे, बाजार वीरान हो जाते थे और प्रत्येक व्यक्ति अपनी सुरक्षा को लेकर चिन्तित रहता था। देवीपाटन मण्डल में माँ दुर्गा की पूजा के पण्डालों को बाधित किया जाता था और पूजा की अनुमति तक नहीं मिलती थी। पश्चिमी उत्तर प्रदेश में काँवड़ यात्रा निकालने में बाधाएँ उत्पन्न की जाती थीं। इस वर्ष गाजियाबाद से हरिद्वार के बीच आयोजित काँवड़ यात्रा में साढ़े चार करोड़ श्रद्धालु शामिल हुए। पर्व और त्योहारों को शान्तिपूर्वक मनाने में कठिनाइयाँ आती थीं।
इस बार नवरात्रि में पूरे प्रदेश में 67 हजार मूर्तियाँ स्थापित की गईं। गोण्डा मण्डल के लिए विशेष रूप से निर्देश दिया गया था कि मूर्ति स्थापना के लिए किसी को अनुमति माँगने की आवश्यकता नहीं होनी चाहिए। जो भी अपने घर में मूर्ति स्थापित करना चाहता है, उसे अनुमति दी जाए। पूरे प्रदेश में नवरात्रि का आयोजन शान्तिपूर्ण ढंग से उत्साह और उमंग के साथ सम्पन्न हुआ।


आज प्रदेश में विकास की बड़ी-बड़ी परियोजनाएँ आगे बढ़ रही हैं। वर्ष 2023 में आयोजित यू0पी0 इन्वेस्टर्स समिट में अकेले गोण्डा जनपद के लिए 03 हजार करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए थे। इनमें से सैकड़ों करोड़ रुपये की परियोजनाएँ धरातल पर उतर चुकी हैं। शेष परियोजनाओं को जमीन पर उतारने के लिए युद्धस्तर पर कार्य किया जा रहा है। अब पराली तथा गाय के गोबर का भी दाम मिलेगा। कम्प्रेस्ड बायोगैस के माध्यम से प्रत्येक जनपद में इथेनॉल उत्पादन के कार्य को आगे बढ़ाया जा रहा है।

अब गरीब उपचार के लिए भटकता नहीं है। उसके पास प्रधानमंत्री जी द्वारा उपलब्ध कराया गया आयुष्मान कार्ड है। यदि किसी जरूरतमन्द के उपचार में आयुष्मान कार्ड की धनराशि कम पड़ती है, तो मुख्यमंत्री राहत कोष से आवश्यक धनराशि उपलब्ध कराने में कोई कोताही नहीं की जाती। विधायकगण के माध्यम से उपचार के लिए धनराशि की माँग आने पर आवश्यकतानुसार पूरी सहायता उपलब्ध करायी जाती है।

उत्तर प्रदेश को बीमारू राज्य की पहचान से मुक्त किया गया है। इसका सबसे बड़ा आधार यहाँ के युवाओं की प्रतिभा और ऊर्जा है। पूर्ववर्ती सरकारों में युवाओं के जीवन के साथ खिलवाड़ होता था, जबकि वर्तमान सरकार ने उन्हें आगे बढ़ने का रास्ता दिया है। पूरी ईमानदारी के साथ भर्ती प्रक्रिया को आगे बढ़ाया गया है। आज नियुक्ति प्रक्रिया पूरी होने पर लखनऊ में नियुक्ति पत्र वितरित किए जाते हैं और सांसद तथा विधायक अपने-अपने क्षेत्रों में भी युवाओं को नियुक्ति पत्र प्रदान करते हैं। इसमें गोण्डा का युवा भी शामिल होता है। पहले गोण्डा के युवाओं के लिए सरकारी नौकरी एक सपना हुआ करती थी, लेकिन अब यह हकीकत बन रही है।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि निवेश का अर्थ रोजगार और नौकरी भी है। कोई औद्योगिक इकाई स्थापित होती है, तो वह अपने साथ रोजगार और विकास लेकर आती है। इसके लिए बेहतर कनेक्टिविटी और सुरक्षित वातावरण आवश्यक है। कर्फ्यू और दंगों से मुक्त सुरक्षित वातावरण में ही कोई व्यक्ति पूँजी निवेश करता है। हमारा प्रयास है कि गोण्डा का युवा रोजगार के लिए बेंगलुरु, हैदराबाद, मुम्बई या दिल्ली जाने के लिए मजबूर न हो। गोण्डा में ही उसके रोजगार और नौकरी की व्यवस्था की जाए। विकास अब कछुए की चाल से नहीं चलेगा, बल्कि उसे तेज गति प्रदान की जाएगी। इसी गति से प्रदेश की प्रगति का आधार तैयार हुआ है। आज उत्तर प्रदेश बीमारू राज्य नहीं, बल्कि भारत की अर्थव्यवस्था का ग्रोथ इंजन बन चुका है। उत्तर प्रदेश अब बॉटम फाइव में नहीं है, बल्कि देश की अर्थव्यवस्था के राज्यों की तुलना में टॉप थ्री राज्यों में इसकी गिनती होती है। देश की सबसे बड़ी अर्थव्यवस्थाओं में उत्तर प्रदेश भी एक है। यह विकास इसलिए सम्भव हुआ है, क्योंकि जनता ने अच्छे सांसद और विधायक चुने हैं।
डबल इंजन सरकार आस्था का सम्मान तथा जीवन में बदलाव लाने का कार्य कर रही है। सरकार उस प्रत्येक स्थल के विकास के लिए धनराशि उपलब्ध करा रही है, जो जनता की आस्था से जुड़ा हुआ है। बाबा पृथ्वीनाथ मन्दिर, स्वामीनारायण मन्दिर छपिया और बाराही देवी मन्दिर के पुनरुद्धार एवं विकास के लिए धनराशि उपलब्ध करायी जा रही है। इन स्थलों की कनेक्टिविटी और सुन्दरीकरण का कार्य कराया जा रहा है।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि अगले 06 महीने के भीतर 01 लाख नौजवानों को सरकारी नियुक्ति पत्र वितरित किए जाएंगे। इसकी कार्ययोजना तैयार कर ली गई है और नियुक्ति पत्र वितरण का कार्य प्रारम्भ हो चुका है। प्रदेश सरकार द्वारा साढ़े 09 लाख युवाओं को सरकारी नौकरी दी जा चुकी है। अब तक 12 से 15 हजार युवाओं को नियुक्ति पत्र दिए जा चुके हैं। इसके अतिरिक्त, साढ़े 04 हजार सब-इंस्पेक्टरों को इसी सप्ताह तथा दीपावली के तत्काल बाद 35 हजार पुलिस कॉन्स्टेबलों को नियुक्ति पत्र वितरित किए जाएंगे। इसके बाद 42 हजार होमगार्डों को नियुक्ति पत्र दिए जाएंगे। शिक्षकों, उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग से जुड़े विभिन्न विभागों सहित अन्य विभागों में लगभग 25 से 30 हजार पदों के लिए नियुक्त प्रक्रिया आगे बढ़ायी जा रही है। उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग से चयनित अभ्यर्थियों को भी विभिन्न विभागों में नियुक्ति पत्र वितरित किए जा रहे हैं।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि खेल और खिलाड़ियों के लिए भी विशेष भर्ती अभियान चलाया जा रहा है। सरकार का संकल्प है कि देश के लिए पदक लाओ और पद पाओ। ओलम्पिक, एशियन गेम्स और कॉमनवेल्थ गेम्स में देश के लिए पदक जीतने वाले खिलाड़ियों को सीधे यू0पी0 पुलिस में डिप्टी एस0पी0 तथा खेल अधिकारी सहित विभिन्न विभागों में भी नियुक्तियाँ दी गई हैं।

मुख्यमंत्री जी ने कहा कि 04 वर्ष की सेवा पूर्ण करके वापस आने वाले अग्निवीरों को उत्तर प्रदेश सरकार के विभिन्न विभागों में 20 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण दिया जाएगा। पुलिस, पी0ए0सी0, होमगार्ड, वन विभाग, कारागार विभाग सहित प्रदेश सरकार के विभिन्न विभागों में उन्हें अवसर प्रदान किया जाएगा। उनके लिए सीधी भर्ती की व्यवस्था की जाएगी और किसी परीक्षा की आवश्यकता नहीं होगी, क्योंकि उनके पास 04 वर्ष की सेवा और प्रशिक्षण का अनुभव होगा। भारत की सुरक्षा के लिए अपनी सेवाएँ देने वाले अग्निवीर जब वापस आएंगे, तो उन्हें सम्मान के साथ उत्तर प्रदेश सरकार की सेवा में अवसर प्रदान किया जाएगा। सरकार ने युवाओं के लिए खेल, सेना और प्रतिभा के माध्यम से आगे बढ़ने के अनेक रास्ते खोले हैं।
08 नवम्बर, 2026 को दीपावली और 07 नवम्बर को अयोध्या में दीपोत्सव का आयोजन होगा। सभी लोग दीपोत्सव का हिस्सा बनें। अपने गाँव, घर और नजदीक के किसी आस्था केन्द्र पर एक दीपक अवश्य जलाएं। किसी गरीब के घर जाकर उसे भी दीपक उपलब्ध कराएं। हमारी परम्परा और विरासत के आयोजन कभी एकांकी नहीं होते, बल्कि सामूहिकता का दर्शन कराते हैं। सभी को इन आयोजनों से जोड़ना होगा। प्रत्येक श्रद्धालु को अपने साथ जोड़ने के साथ ही, ऐसे व्यक्ति के घर भी दीपावली का उपहार पहुँचाना होगा, जिसके पास किसी प्रकार की कमी है। किसी दलित बस्ती, मलिन बस्ती, कमजोर वर्ग के परिवार अथवा दिव्यांगजन के घर जाकर अपनी ओर से उपहार दें। आपका यह उपहार सीधे ईश्वर को प्रदान किया गया उपहार होगा।
केन्द्रीय पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन तथा विदेश राज्य मंत्री श्री कीर्तिवर्धन सिंह ने कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री जी के नेतृत्व व मार्गदर्शन में उत्तर प्रदेश में अभूतपूर्व विकास हुआ है। वर्ष 2017 से पूर्व तथा पश्चात का अन्तर स्पष्ट दिखायी दे रहा है। पहले प्रदेश में सड़क, बिजली, सुरक्षा और गरीबों के कल्याण से जुड़ी सुविधाओं की स्थिति सन्तोषजनक नहीं थी। आज केन्द्र और प्रदेश सरकार के प्रयासों से राज्य में सड़कों का विस्तार हुआ है, बिजली की उपलब्धता बेहतर हुई है तथा गरीबों को निःशुल्क राशन की सुविधा का लाभ मिल रहा है। महिलाओं की सुरक्षा, कानून-व्यवस्था और स्वास्थ्य के क्षेत्र में भी व्यापक परिवर्तन आया है।
इस अवसर पर विधान परिषद सदस्य श्री अवधेश कुमार सिंह ‘मंजू सिंह’, विधायक श्री रमापति शास्त्री, श्री प्रभात कुमार वर्मा, श्री प्रेम नारायन पाण्डेय, श्री अजय सिंह, श्री विनय कुमार द्विवेदी सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।