diwali horizontal

अखिलेश यादव ने रखा ‘विजन इंडिया’ का खाका, कहा  विभाजनकारी ताकतों से निबटने के लिए युवाओं को आगे लाना होगा

0 39

अखिलेश यादव ने रखा ‘विजन इंडिया’ का खाका, कहा  विभाजनकारी ताकतों से निबटने के लिए युवाओं को आगे लाना होगा

लखनऊ: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने मंगलवार को ‘विजन इंडिया’ का प्रारूप प्रस्तुत करते हुए कहा कि देश में बढ़ती विभाजनकारी और पुरातनपंथी ताकतों का मुकाबला नई सोच, प्रगतिशील विचारों और युवा ऊर्जा के माध्यम से ही किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि आज की नई पीढ़ी के विचारों में सहिष्णुता, प्रेम, दया और सम्मान की भावना है। यही युवा भारत को एक बेहतर भविष्य की दिशा में ले जा सकते हैं।
अखिलेश यादव ने घोषणा की कि ‘विजन इंडिया: स्टार्टअप समिट’ की पहली बैठक 16 नवम्बर 2025 को ताज बंगलोर, बेंगलुरु (कर्नाटक) में आयोजित की जाएगी। इसके मुख्य समन्वयक सांसद राजीव राय और मुख्य संयोजक पूर्व मंत्री अभिषेक मिश्र होंगे। उन्होंने बताया कि यह पहल भारत के उज्ज्वल और समावेशी भविष्य की योजना तैयार करने की दिशा में एक ठोस कदम है।अखिलेश यादव ने कहा कि आज भारत एक ऐसे दौर से गुजर रहा है, जहां आम जनता हर कदम पर कठिनाइयों और संघर्षों का सामना कर रही है। इन चुनौतियों से निपटने के लिए ‘विजन इंडिया: प्लान, डेवलप और एसेंट’ मिशन शुरू किया जा रहा है, जो नवाचार, सहयोग और प्रगति की भावना को आगे बढ़ाएगा। इस मिशन के तहत देशभर में सेमिनारों और सम्मेलनों का आयोजन किया जाएगा, जिनके माध्यम से विभिन्न क्षेत्रों में अवसरों और संभावनाओं की पहचान की जाएगी।उन्होंने बताया कि ‘डेवलप’ का अर्थ संवाद, साझेदारी और समाधान-आधारित दृष्टिकोण को बढ़ावा देना है, ताकि भारत जल्द ही विकसित राष्ट्रों की श्रेणी में शामिल हो सके। वहीं ‘एसेंट’ का लक्ष्य तकनीक और नवाचार की शक्ति का उपयोग करके देश को वैश्विक नेतृत्व की दिशा में आगे ले जाना है।अखिलेश यादव ने कहा कि इस मुहिम के माध्यम से भारत के अलग-अलग शहरों की विविध प्रतिभाएं एक मंच पर आएंगी। इसकी शुरुआत बेंगलुरु से की जा रही है, जो नवाचार और तकनीकी विकास का केंद्र है। उन्होंने कहा कि हमारा उद्देश्य सामाजिक और मानसिक सशक्तिकरण, संतुलित समृद्धि और समावेशी विकास को बढ़ावा देना है। समाजवादी पार्टी ‘सामाजिक न्याय के राज’ की स्थापना के लिए वचनबद्ध है, जहां न्याय, स्वतंत्रता, समानता, भाईचारा और गरिमा जैसे मूल्यों की रक्षा की जाएगी और सभी को समान अवसर मिलेंगे।पत्रकार वार्ता के दौरान अखिलेश यादव ने कहा कि स्टार्टअप योजना की शुरुआत समाजवादी सरकार के कार्यकाल में उत्तर प्रदेश से ही हुई थी। उन्होंने याद दिलाया कि उस समय छात्र-छात्राओं को 20 लाख लैपटॉप बांटे गए, जिससे वे तकनीक से जुड़ सके। लखनऊ में एचसीएल जैसी कंपनियों की स्थापना हुई, जिससे हजारों युवाओं को रोजगार मिला। समाजवादी सरकार के दौरान डेयरी उद्योग में अमूल और पराग जैसे बड़े प्लांट लगाए गए, कन्नौज में काऊ मिल्क प्लांट स्थापित हुआ, और खेलों को बढ़ावा देने के लिए अंतरराष्ट्रीय स्तर के स्टेडियम बनाए गए।उन्होंने कहा कि समाजवादी सरकार ने गरीबों, किसानों और श्रमिकों के लिए अनेक कल्याणकारी योजनाएं लागू कीं  जैसे बुजुर्ग महिलाओं को पेंशन, बुंदेलखंड में राहत पैकेट, मेरिट के आधार पर भर्ती, पुलिस की तकनीकी दक्षता में सुधार, और डायल 100 जैसी विश्वस्तरीय आपात सेवा। अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा की डबल इंजन सरकार विकास की दिशा में विफल रही है और केवल भावनाओं के सहारे राजनीति कर रही है।इस अवसर पर समाजवादी पार्टी मुख्यालय, लखनऊ में आयोजित बैठक में पार्टी के वरिष्ठ नेताओं  राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल सिंह यादव, नेता विरोधी दल विधानसभा माता प्रसाद पांडेय, नेता विपक्ष विधान परिषद लाल बिहारी यादव, सांसद राजीव राय, पूर्व कैबिनेट मंत्री बलराम यादव, अभिषेक मिश्र, राजेन्द्र चौधरी और प्रदेश अध्यक्ष श्याम लाल पाल — की उपस्थिति रही।

Leave A Reply

Your email address will not be published.