
केरल में कांग्रेस विधायक राहुल ममकूटाथिल पर गंभीर आरोप, महिला के बयान के बाद पुलिस ने दर्ज किया मामला
केरल: केरल की पलक्कड़ विधानसभा सीट से कांग्रेस के निलंबित विधायक राहुल ममकूटाथिल एक बड़े विवाद में घिर गए हैं। विधायक के खिलाफ महिला के यौन उत्पीड़न, जबरन गर्भपात कराने, मारपीट, अवैध रूप से घर में घुसने, और आपराधिक धमकी जैसे गंभीर आरोपों के तहत मामला दर्ज किया गया है।
पीड़ित महिला ने गुरुवार को मुख्यमंत्री पिनराई विजयन से मुलाकात कर पूरी शिकायत सौंपी थी। महिला पुलिस ने शिकायत मिलने के बाद तुरंत पीड़िता का बयान दर्ज किया और देर रात विधायक के खिलाफ केस दर्ज किया।
कौन-कौन सी धाराओं में दर्ज हुआ केस?
पुलिस सूत्रों के अनुसार, विधायक के खिलाफ BNS की गंभीर धाराओं के तहत मामला दर्ज हुआ है।
इसके अलावा, विधायक के करीबी जॉबी जोसेफ को भी सह-आरोपी बनाया गया है। आरोप है कि जोसेफ ने ही पीड़िता को गर्भपात कराने के लिए दवा दी थी।
नेमोम थाने में स्थानांतरित हुआ मामला
चूँकि अपराध की घटना नेमोम पुलिस स्टेशन क्षेत्र में हुई थी, इसलिए केस वहाँ ट्रांसफर कर दिया गया है।
पूरी जांच तिरुवनंतपुरम शहर के पुलिस आयुक्त की निगरानी में एक विशेष टीम करेगी।
निलंबन के बाद गायब हुए विधायक
मुख्यमंत्री से पीड़िता की मुलाकात के बाद राहुल ममकूटाथिल कथित रूप से अचानक गायब हो गए हैं। पुलिस उनकी तलाश कर रही है।
सूत्रों का कहना है कि विधायक गुरुवार शाम तक लोकल निकाय चुनावों के प्रचार में सक्रिय थे, लेकिन उसके बाद से उन्हें नहीं देखा गया।
