
पीएम मोदी के 76वें जन्मदिन पर राष्ट्रपति, उपराष्ट्रपति समेत कई नेताओं ने दी बधाई
HAPPY BIRTHDAY PM MODI JI :प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 76वें जन्मदिन पर गुरुवार को गुजरात के वडनगर से वाराणसी के लिए सेवा संकल्प बाइक यात्रा रवाना हुई।
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल, महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और केंद्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल समेत अन्य नेताओं ने यात्रा को हरी झंडी दिखाई। यात्रा का आयोजन प्रधानमंत्री के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन के संदर्भ में किया गया है।
यह बाइक यात्रा 10 राज्यों के 193 जिलों और 1,159 गांवों से होकर गुजरेगी। यात्रा के दौरान युवाओं और कार्यकर्ताओं की भागीदारी रहेगी। इसी अवसर पर वाराणसी से वडनगर के लिए भी दूसरी बाइक यात्रा रवाना की गई है। दोनों यात्राएं अलग-अलग मार्गों से गुजरते हुए प्रधानमंत्री के सार्वजनिक जीवन से जुड़े संदेश को लोगों तक पहुंचाएंगी।
प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिन पर देशभर में ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इनमें स्वच्छता अभियान, स्वास्थ्य शिविर, रक्तदान और अन्य जनसेवा से जुड़े कार्यक्रम शामिल हैं। अभियान 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलाया जाना है।