
लखनऊ : जिले में जहरीली चाय पीने से एक ही परिवार के पांच लोगों की हालत गंभीर होने का मामला सामने आया है। जिनमें एक मासूम ने मेडिकल कॉलेज में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया, जबकि चार लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है। भाई को राखी बांधने अपने मायके आई बहन का बेटा चाय पीने से खत्म हो गया है। परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। देहात कोतवाली थाना क्षेत्र के मछियाही गांव निवासी पंचराम जायसवाल (55) पुत्र रामपाल के घर में रक्षाबंधन पर्व होने के कारण मेहमानों का जमावड़ा लगा हुआ था। रक्षाबंधन के दिन बहू बिट्टू भी आई थी। आरोप है कि सोमवार की सुबह बहू ने चाय बनाई और उसमें कोई जहरीला पदार्थ डाल दिया। चाय पीने के बाद पंचराम, जितेंद्र, सृष्टि, शिवांशी व रुद्रांश को उलटी पलटी शुरू हो गई। आनन फानन में सभी को इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया। जहां पर दो वर्षीय रुद्रांश की इलाज के दौरान मौत हो गई। रुद्रांश अपने मामा के घर रक्षाबंधन के दिन आया था। मौत होने के बाद घर में कोहराम मच गया। जबकि चार लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है।
इमरजेंसी ड्यूटी में तैनात डॉक्टर शिवम मिश्रा ने बताया कि चाय में जहर होने के कारण सभी की हालत बिगड़ी है। उनका इलाज किया जा रहा है। एक मासूम की मौत हुई है। सीएमएस डॉक्टर ओपी पांडे ने बताया कि चाय पीने से हालत बिगड़ने वाले मरीजों का इलाज मेडिकल कॉलेज के इमरजेंसी वार्ड में हो रहा है। चिकित्सकों के प्रयास से चारों के हालत में सुधार हो रहा है। देहात कोतवाली के प्रभारी समर सिंह ने बताया कि अभी ऐसा कोई प्रकरण संज्ञान में नहीं आया है। मामले की जानकारी मिलने पर जांच कर कार्रवाई की जाएगी।