
पूर्वोत्तर रेलवे लखनऊ मंडल में समीक्षा बैठक, कर्मचारी कल्याण एवं यात्री सुविधाओं पर चर्चा
लखनऊ: पूर्वोत्तर रेलवे के वरिष्ठ उपमहाप्रबंधक एवं मुख्य सतर्कता अधिकारी श्री तुषार कान्त पाण्डेय ने आज लखनऊ मंडल के सभागार में एक दिवसीय दौरे के दौरान मंडल रेल प्रबंधक श्री गौरव अग्रवाल और अन्य अधिकारियों के साथ एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक की। इस बैठक में यात्री परिवहन, यात्री सुविधाओं और कर्मचारी कल्याण से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तृत चर्चा की गई।बैठक की शुरुआत में अपर मंडल रेल प्रबंधक (परिचालन) श्री विक्रम कुमार ने पावर प्वाइंट प्रजेंटेशन के माध्यम से लखनऊ मंडल की आधारभूत संरचना, भौगोलिक क्षेत्र, ट्रेन परिचालन, संरक्षा एवं सुरक्षा और कर्मचारी कल्याण से संबंधित कार्यों की जानकारी दी।अपने संबोधन में श्री तुषार कान्त पाण्डेय ने कर्मचारी कल्याण, गतिशक्ति, स्टेशन विकास और यात्री परिवहन जैसे विकासात्मक मुद्दों पर प्रमुख रूप से चर्चा करते हुए कहा कि सभी कार्यों को पारदर्शिता के साथ निर्धारित समय सीमा में पूरा करना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों के विभागीय परीक्षा चयन का एक कैलेंडर तैयार किया जाना चाहिए और विभागीय पदोन्नति, एमएसीपी जैसी प्रक्रियाओं को निश्चित समयावधि में पूरा किया जाए, ताकि इसके परिणामस्वरूप व्यापक सुधार हो। साथ ही, उन्होंने संवेदनशील पदों पर कर्मचारियों के रोटेशनल ट्रांसफर की आवश्यकता भी जताई।श्री पाण्डेय ने सभी कर्मचारियों को दैनिक कार्यों में पारदर्शिता और ईमानदारी बरतने की सलाह दी।बैठक के दौरान मंडल रेल प्रबंधक श्री गौरव अग्रवाल ने भी लखनऊ मंडल में परिचालनिक और यात्री सुविधाओं के उन्नयन के साथ-साथ कर्मचारी कल्याण की दिशा में किए जा रहे कार्यों की सराहना की और कहा कि सभी प्रयासों को सुचारू रूप से जारी रखा जाएगा।इस अवसर पर समस्त शाखाधिकारियों और अन्य कर्मचारियों ने भी बैठक में भाग लिया।
