diwali horizontal

खुर्रमनगर में कुकरैल नाले में डूबने से बालक की मौत पर अजय राय ने जताया शोक, सरकार की लापरवाही को ठहराया जिम्मेदार

0 84

खुर्रमनगर में कुकरैल नाले में डूबने से बालक की मौत पर अजय राय ने जताया शोक, सरकार की लापरवाही को ठहराया जिम्मेदार

लखनऊ: पंतनगर निवासी किस्मत अली के पुत्र रिजू अहमद की तेज बारिश के दौरान कुकरैल नाले में बह जाने से हुई दर्दनाक मौत ने इलाके में शोक की लहर दौड़ा दी है। इस दुखद घटना पर उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष एवं पूर्व मंत्री अजय राय मंगलवार को पंतनगर स्थित मृतक के आवास पहुंचे और परिजनों से मिलकर गहरी संवेदना व्यक्त की।अजय राय ने शोक संतप्त परिवार को ढाढ़स बंधाते हुए कहा कि यह हादसा सिर्फ एक प्राकृतिक आपदा नहीं, बल्कि सरकार की घोर लापरवाही और भ्रष्ट तंत्र की देन है। उन्होंने कहा कि “हर बरसात से पहले सरकार दावा करती है कि नालों की सफाई पूरी कर ली गई है, जलनिकासी की व्यवस्था दुरुस्त है, और कोई परेशानी नहीं होगी, लेकिन बारिश शुरू होते ही सारे दावे धरे के धरे रह जाते हैं।”उन्होंने आरोप लगाया कि यह घटना साबित करती है कि नाला सफाई के नाम पर हर साल सिर्फ खानापूर्ति और भ्रष्टाचार होता है। “सरकार की इस अव्यवस्था और निकम्मेपन के कारण हर साल मासूम जानें जाती हैं, और कोई जिम्मेदारी लेने को तैयार नहीं होता,” राय ने कहा।अजय राय ने सरकार से मांग की कि इस मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए और दोषी अधिकारियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाए। साथ ही पीड़ित परिवार को पर्याप्त मुआवजा और न्याय दिलाने की भी मांग की। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि जब तक शासन-प्रशासन जवाबदेह नहीं होगा, तब तक ऐसी त्रासदियां दोहराई जाती रहेंगी।

Leave A Reply

Your email address will not be published.