
बिहार में अखिलेश यादव की हुंकार — “यह चुनाव भाजपा की विदाई और बिहार के भविष्य का चुनाव है”
दरभंगा: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने आज बिहार के दरभंगा जिले के बहादुरपुर विधानसभा क्षेत्र में इंडिया गठबंधन (INDIA Alliance) के राष्ट्रीय जनता दल प्रत्याशी भोला यादव के समर्थन में विशाल चुनावी जनसभा को संबोधित किया। उन्होंने लोगों से भोला यादव को भारी मतों से विजयी बनाने और तेजस्वी यादव को मुख्यमंत्री बनाने की अपील की। मौसम खराब होने के कारण हेलीकॉप्टर उड़ान न भर पाने के बावजूद अखिलेश यादव सड़क मार्ग से बहादुरपुर पहुंचे और जनसभा को संबोधित किया।अखिलेश यादव ने कहा कि इस बार बिहार की जनता भाजपा को सत्ता से बाहर का रास्ता दिखा देगी। भाजपा एक “इस्तेमाल करने वाली पार्टी” है, जो लोगों का उपयोग कर उन्हें बर्बाद कर देती है। उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार अब केवल भाजपा के चुनावी चेहरे बनकर रह गए हैं, मुख्यमंत्री नहीं। भाजपा उनका इस्तेमाल अपने फायदे के लिए कर रही है। यह चुनाव “नौकरी बनाम भाजपा” का चुनाव है — एक तरफ तेजस्वी यादव हैं, जो नौजवानों को सम्मानजनक नौकरी देना चाहते हैं, और दूसरी तरफ भाजपा है, जो युवाओं को मजदूरी के लिए मजबूर करना चाहती है।सपा अध्यक्ष ने कहा कि यह चुनाव बिहार के भविष्य का चुनाव है और भाजपा की विदाई का भी। बिहार में पलायन और बेरोजगारी के लिए भाजपा और उसके सहयोगी दल जिम्मेदार हैं। भाजपा जीएसटी का जश्न मना रही है, जबकि इसी दोषपूर्ण जीएसटी के कारण महंगाई बढ़ी है। उन्होंने कहा कि बिहार की जनता इस बार भाजपा को पलायन करा देगी और इंडिया गठबंधन की सरकार बनाएगी। तेजस्वी यादव नौजवानों को रोजगार देंगे और प्रदेश में विकास की नई कहानी लिखेंगे।अखिलेश यादव ने भाजपा पर सांप्रदायिकता फैलाने का आरोप लगाते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश की तरह अब बिहार में भी भाजपा नफरत की राजनीति कर रही है। उन्होंने कहा कि यूपी की जनता ने लोकसभा चुनाव में भाजपा को अवध से बाहर कर दिया, अब बिहार की जनता उसे मगध से बाहर करेगी। भाजपा सरकार महंगाई, पेट्रोल-डीजल की कीमतों और गिरते रुपये की जिम्मेदार है। उन्होंने तंज करते हुए कहा कि अब तो सोना इतना महंगा हो गया है कि गरीब अपनी बेटी की शादी में सोने की कील तक नहीं दे पाएगा।सपा प्रमुख ने कहा कि बिहार में भाजपा की कई “टीमें” मैदान में हैं — कोई ए टीम है, कोई बी टीम, तो कोई पी टीम। जनता को इनसे सावधान रहना होगा और एकजुट होकर इंडिया गठबंधन के प्रत्याशियों को विजयी बनाना होगा।फौज में भर्ती के अग्निवीर योजना पर हमला बोलते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा ने नौजवानों से स्थायी नौकरी का अधिकार छीन लिया है। हम इंडिया गठबंधन के लोग फौज की आधी-अधूरी नौकरी को कभी स्वीकार नहीं करेंगे। तेजस्वी यादव के नेतृत्व में बनने वाली सरकार हर परिवार के एक सदस्य को नौकरी देगी, महिलाओं को प्रति माह 2500 रुपये, जीविका दीदियों को 30 हजार रुपये और 200 यूनिट फ्री बिजली प्रदान करेगी।अखिलेश यादव ने कहा कि बिहार का यह चुनाव परिणाम दिल्ली की राजनीति की दिशा तय करेगा। बिहार की जनता हमेशा साम्प्रदायिक ताकतों को हराती रही है और सामाजिक न्याय की लड़ाई को मजबूत करती आई है। इस बार भी बिहार सामाजिक न्याय के राज की स्थापना करेगा और इंडिया गठबंधन की सरकार बनाएगा।उन्होंने पूर्णिया जिले के धमदहा विधानसभा क्षेत्र के इंडिया गठबंधन प्रत्याशी संतोष कुमार कुशवाहा और मधुबनी जिले के बाबू बरही विधानसभा क्षेत्र के प्रत्याशी अरुण कुशवाहा को भी भारी मतों से जिताने की अपील की।
