
माघ मेला 2025 की तैयारियों की समीक्षा में जुटे नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री एके शर्मा, कहा—प्रयागराज बने ‘स्वच्छता और सेवा’ का मॉडल
माघ मेला 2025 की तैयारियों की समीक्षा में जुटे नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री एके शर्मा, कहा—प्रयागराज बने ‘स्वच्छता और सेवा’ का मॉडल
प्रयागराज: नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री एके शर्मा ने शुक्रवार को प्रयागराज प्रवास के दौरान सर्किट हाउस सभागार में आगामी माघ मेला 2025 की तैयारियों की समीक्षा बैठक की। उन्होंने नगर विकास और ऊर्जा विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी कार्य समयबद्ध, व्यवस्थित और जनसुविधा केंद्रित हों, ताकि श्रद्धालुओं को हर स्तर पर सुगमता और सुविधा मिले।शर्मा ने कहा कि महाकुंभ 2025 के सफल आयोजन में नगर विकास और ऊर्जा विभाग की भूमिका सराहनीय रही है। उन्होंने अधिकारियों से अपेक्षा की कि उसी उत्कृष्टता और समर्पण के साथ माघ मेला की तैयारियाँ भी की जाएं। इस अवसर पर स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने मंत्री एके शर्मा का सम्मान किया और उनके नेतृत्व में महाकुंभ के दौरान सफाई व्यवस्था तथा निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए आभार व्यक्त किया।बैठक में मंत्री ने कहा कि जिस प्रकार महाकुंभ में स्वच्छता कार्यों की सराहना पूरी दुनिया ने की, उसी स्तर की स्वच्छता और व्यवस्था माघ मेला में भी सुनिश्चित की जाए। उन्होंने स्वच्छता कर्मियों और मिशन शक्ति वॉलेंटियर्स को प्रेरित करते हुए कहा कि उनकी सेवा भावना और निष्ठा से ही प्रयागराज को स्वच्छता की नई पहचान मिली है।जनप्रतिनिधियों ने बैठक में नागरिकों की सुविधा के लिए नगर निगम कर भुगतान हेतु “वन टाइम सेटलमेंट (OTS) सिस्टम” लागू करने का सुझाव दिया, जिससे लोग आसानी से अपना हाउस टैक्स जमा कर सकें।ऊर्जा विभाग की समीक्षा के दौरान मंत्री ने चीफ इंजीनियर को निर्देश दिया कि यमुना पार क्षेत्र की विद्युत व्यवस्था को और सुदृढ़ बनाया जाए। उन्होंने आदेश दिया कि खुले इलेक्ट्रिक जंक्शन बॉक्स को तुरंत सुरक्षित कवर किया जाए ताकि जन सुरक्षा बनी रहे। साथ ही उन्होंने चेतावनी दी कि बिना कारण छोटे उपभोक्ताओं को परेशान करने या कनेक्शन काटने वाले विद्युतकर्मियों को तत्काल निलंबित किया जाए।मंत्री ने यह भी कहा कि नगर विकास विभाग द्वारा ऊर्जा विभाग को नव-विस्तारित क्षेत्रों के विकास कार्यों हेतु लगभग ₹1000 करोड़ की राशि प्रदान की गई है, जिसका उपयोग पारदर्शी और जनहितकारी ढंग से सुनिश्चित किया जाए।शर्मा ने कहा कि माघ मेला प्रदेश की आस्था, श्रद्धा और स्वच्छता की पहचान है। इसलिए सभी विभाग इस आयोजन को सेवा और अनुशासन का प्रतीक बनाएं, ताकि प्रयागराज एक बार फिर ‘स्वच्छता और सेवा का आदर्श मॉडल’ के रूप में देश और दुनिया के सामने उदाहरण प्रस्तुत कर सके।
इस अवसर पर महापौर उमेश चंद्र गणेश केसरवानी, विधायक फाफामऊ गुरु प्रसाद मौर्य, विधान परिषद सदस्य सुरेंद्र चौधरी सहित कई जनप्रतिनिधि और संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
