
पतंग महोत्सव में खूब लड़े पेंच, मोदी,योगी व अमितशाह की फोटो लगी उड़ी पतंगें
लखनऊ के शौक और लखनऊ का चौक दुनियाभर में मशहूर : शर्मा
स्वच्छता को मनोरंजन के साथ जोड़ने की कोशिश-महापौर
नुक्कड़ नाटक के जरिये फैलाई स्वच्छता जागरूकता
पतंगबाजों को स्मृति चिह्न देकर किया सम्मानित
लखनऊ। राज्य मिशन निदेशक स्वच्छ भारत मिशन (नगरीय) उत्तर प्रदेश नेहा शर्मा ने पतंग महोत्सव के साथ स्वच्छ विरासत अभियान की शुरूआत की। इस अवसर पर शहर की कई पतंगबाज एसोसिएशनों को शामिल किया गया। जिन्होंने अपने पतंगबाजी के करतबों का बखूबी मुजाहिरा किया। इस दौरान नेहा शर्मा ने कहा कि 11 दिवसीय स्वच्छ विरासत अभियान के तहत 14 से 24 जनवरी तक प्रदेशभर में तमाम कार्यक्रम किए जाने हैं। जिसमें स्वच्छ विरासत अभियान में प्रदेश के 75 पर्यटन और ऐतिहासिक स्थलों को शामिल किया गया है। जहां स्वच्छ भारत अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम का उद्देश्य स्वच्छ विरासत अभियान को बढ़ाना है। प्रदेश के 75 पर्यटन और ऐतिहासिक धरोहरों की विशेष रूप से साफ-सफाई की जाएगी। निदेशक ने कहा कि ऐतिहासिक स्थलों में सबसे प्रमुख स्थान लखनऊ का आता है। ऐसे में इस अभियान की शुरूआत लखनऊ के ऐतिहासिक घंटाघर पर पतंग महोत्सव से की गई। इस अवसर पर निदेशक नेहा शर्मा के साथ लखनऊ की महापौर संयुक्ता भाटिया और नगर आयुक्त इंद्रजीत सिंह ने भी महोत्सव में पतंग उड़ाकर स्वच्छ विरासत अभियान सफल बनाने को लेकर जनता से अपील की।
इस दौरान महापौर संयुक्ता भाटिया ने कहा कि जिस तरीके से हमारे सफाई कर्मचारी और नगर निगम के अधिकारी सफाई को तवज्जो दे रहे हैं,उससे लखनऊ शहर जल्द ही देश के नम्बर वन शहरों में शुमार होने लगेगा। महापौर ने यह भी कहा कि लखनऊ में पतंगबाजी एक खेल की तरह है। पतंग महोत्सव के माध्यम से स्वच्छता को मनोरंजन के साथ जोड़ने की कोशिश की गई है।
बाक्स-पतंग महोत्सव में रहा पीएम,सीएम व गृहमंत्री का दबदबा
राजधानी के ऐतिहासिक घंटाघर पर आयोजित पतंग महोत्सव में मुख्य आकर्षण केन्द्र रहने वाली पतंगों में प्रधानमंत्री मोदी,गृहमंत्री अमित शाह और
मुख्यमंत्री योगी की फोटोयुक्त पतंगें थी। पीएम मोदी,गृहमंत्री अमित शाह तथा सीएम योगी की फोटो लगी पतंगें उड़ाकर महोत्सव की शुरूआत हुई। वहीं,इन पतंगों पर ‘मोदी हैं तो मुमकिन है,योगी हैं तो यकीन है’ जैसे स्लोगन लिखे हुए थे जोकि दर्शकों के बीच चर्चा का विषय बना रहा।
बाक्स-जी-20 आयोजन में नवाबी नगरी भी शामिल
उद्घाटन समारोह में निदेशक कहा कि यह हम सब की खुशनसीबी है कि जी-20 आयोजन में प्रदेश के जिन तीन स्थानों को चयनित किया गया है उसमें लखनऊ शहर भी शामिल है। यहां के ऐतिहासिक स्थलों को स्वच्छ विरासत अभियान के तहत और ज्यादा चमकाने की जिम्मेदारी पर्यटन, पुरातात्विक और स्वच्छ भारत मिशन (नगरीय)उप्र.ने उठाई है। वहीं,आगामी जी-20 आयोजन के साथ यहां पर बहुत सारे वैश्विक कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। उन्होंने पतंग महोत्सव के मंच से प्रदेशवासियों से स्वच्छता की इस मुहिम में जनभागीदारी सुनिश्चित करने को लेकर अपील की।
नुक्कड़ नाटक के जरिये फैलाई जागरूकता
पतंग महोत्सव में नुक्कड़ नाटक के जरिए स्वच्छ अभियान की खूबियों को आम जनमानस तक पहुंचाया गया। नगर निगम ने महोत्सव में ‘स्वच्छता के दो रंग’ नीले और हरे की पतंगों को आसमान में उड़ाकर स्वच्छता का संदेश दिया।
बाक्स-पतंगबाजों को किया गया सम्मानित
स्वच्छ विरासत अभियान के तहत आयोजित पतंग महोत्सव में शामिल हुए पतंगबाजों को स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया। निदेशक नेहा शर्मा ने मूनलाइट काइट क्लब के अमरनाथ कौल, एसएस काइट क्लब के सिराजुल हक,चौक काइट क्लब के अनुराग मिश्र,चौक क्लब के अकील शम्सी, गाजी काइट क्लब के अब्दुल्ला, सुपर काइट क्लब के सतीश छाबरा, स्टार काइट क्लब के बंटी,मून काइट क्लब के सौरभ रस्तोगी और किंग काइट क्लब के रजा को स्मृति चिह्न और प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया।