
साइबर फ्रॉड पीड़ितों को जल्द राहत देगी देवरिया पुलिस, अधिकारियों को दी गई विशेष ट्रेनिंग!
देवरियाLive: साइबर अपराधों पर लगाम और पीड़ितों को त्वरित न्याय दिलाने के लिए देवरिया पुलिस ने कमर कस ली है। पुलिस अधीक्षक श्री अभिजीत आर. शंकर के निर्देशन में मंगलवार को पुलिस लाइन स्थित प्रेक्षागृह में साइबर अपराधों की रोकथाम एवं शिकायत निस्तारण विषय पर विशेष प्रशिक्षण गोष्ठी आयोजित की गई।
गोष्ठी की अध्यक्षता अपर पुलिस अधीक्षक उत्तरी श्री आनन्द कुमार पाण्डेय ने की। इस दौरान साइबर थाना प्रभारी श्री अनिल कुमार, कं0आ0 शिवमंगल यादव, आ0 विजय कुमार सहित जनपद के सभी थानों में गठित साइबर सेल के पुलिसकर्मी उपस्थित रहे।
प्रशिक्षण में राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल NCRP के विभिन्न मॉड्यूल के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। पुलिसकर्मियों को 1930 हेल्पलाइन पर दर्ज शिकायतों को समयबद्ध तरीके से स्वीकार करने, शिकायत को संबंधित बैंक व इंटरमीडियरी को भेजने, संदिग्ध मोबाइल नंबर व IMEI को ब्लॉक कराने और MRM पोर्टल के माध्यम से पीड़ितों की फंसी हुई धनराशि वापस कराने की प्रक्रिया बताई गई।
इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक श्री आनन्द कुमार पाण्डेय ने कहा कि “साइबर अपराध के मामलों में समय बहुत महत्वपूर्ण है। पोर्टल पर प्राप्त हर शिकायत का 24 घंटे के अंदर निस्तारण सुनिश्चित करें। महिलाओं और बच्चों से जुड़ी शिकायतें हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता हैं। पीड़ित का पैसा वापस कराना ही हमारा मुख्य लक्ष्य है।”
उन्होंने साइबर अपराधों की बदलती प्रवृत्तियों, डिजिटल साक्ष्यों के संरक्षण और पीड़ितों को शीघ्र राहत दिलाने पर भी जोर दिया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इस प्रशिक्षण के बाद अब जनपद में साइबर फ्रॉड के मामलों में शिकायत से लेकर धन वापसी तक की प्रक्रिया और तेज होगी।